महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 मार्च से 8 मार्च तक ग्वालियर में बिटिया उत्सव का आयोजन किया जायेगा। बिटिया उत्सव के दौरान नाटक, नुक्कड़ नाटक, महिलाओं के अधिकार और कानून, महिलाओं की आर्थिक दशा एवं दिशा, परिचर्चा, कहानी पाठ, जश्ने कलम, परिचर्चा आदि के आयोजन किए जायेंगे। बिटिया उत्सव का शुभारंभ प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी 5 मार्च को प्रात: 11 बजे जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में करेंगीं। शुभारंभ फ्लाइट लेफ्टिनेंट अवनि चतुर्वेदी, वरिष्ठ पत्रकार अमृता राय तथा पर्वतारोही मेघा परमार की उपस्थिति में किया जायेगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक एवं कार्यक्रम के संयोजक श्री सुरेश तोमर ने बताया कि बिटिया उत्सव के तहत 5 मार्च को दोपहर 12.30 बजे से पत्रकारिता और स्त्री विषय पर अमृता राय, सर्वप्रिया सांगवान, बृजेश राजपूत तथा प्रकाश रे अपने विचार रखेंगे। दोपहर 3 बजे से स्त्री पर कौन हँसता है ? विषय पर संजय राजौरा स्टेंडअप कॉमेडी की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही शाम 7 बजे से पहियों पर चढ़े सुख विषय पर परिवर्तन समूह द्वारा नाटक प्रस्तुत किया जायेगा।
कार्यक्रम के संयोजक श्री तोमर ने बताया कि शुक्रवार 6 मार्च को प्रात: 10.30 बजे नुक्क्ड़ नाटक बस अब और नहीं एमिटी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं प्रस्तुत करेंगे। प्रात: 11 बजे भारतीय सिनेमा-कितनी बढ़ी स्त्री ? स्वरा भास्कर से चर्चा – मधु चौंगावकर एवं सुरेश तोमर की होगी। दोपहर 12.30 बजे से कस्तूरबा गांधी की 125वीं जयंती व्यक्तित्व एवं योगदान विषय पर अनुराधा शंकर सिंह आईपीएस से अव्यक्त की चर्चा होगी। इसी दिन दोपहर 3 बजे मनीषा कुलश्रेष्ठ, वंदना राग, किरन सिंह एवं लक्ष्मी शर्मा द्वारा कहानी पाठ किया जायेगा। कार्यक्रम की अगली कड़ी में शाम 4.30 बजे जश्ने कलम की प्रस्तुति शाश्विता शर्मा मुम्बई द्वारा की जायेगी। शाम 7 बजे नाटक अगरबत्ती की प्रस्तुति समागम रंग मंडल जबलपुर द्वारा प्रस्तुत की जायेगी।
कार्यक्रम के संयोजक श्री तोमर ने बताया कि समानांतर सत्र के तहत कस्तूरबा गांधी की 125वीं जयंती व्यक्तित्व एवं योगदान पर शाम 4 बजे आईटीएम विश्वविद्यालय में सुश्री अनुराधा शंकर आईपीएस से डॉ. अरविंद दुबे की चर्चा का कार्यक्रम भी होगा। 7 मार्च को प्रात: 10.30 बजे नुक्कड़ नाटक हम देर करते नहीं, देर हो जाती है, एमिटी विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा। प्रात: 11 बजे बेटियों का जमाना विषय पर सिनेमा निर्देशक अविनाश दास से इला जोशी की चर्चा होगी। दोपहर 12.30 बजे भारत में मुस्लिम महिलाये : बयान, हालात एवं चुनौतियां कार्यक्रम के तहत नाइश हसन, सदर जफर, डॉ. सबीहा, डॉ. नाजिया नईम, दीबा नियाजी से चर्चा की जायेगी। दोपहर 3 बजे कविता पाठ का आयोजन होगा, जिसमें अशोक वाजपेयी, अनामिका, नीलेश रघुवंशी, चेतन क्रांति, वीरू सोनकर कविता पाठ करेंगे।
7 मार्च को ही दोपहर 4.30 बजे से औरतों की कवितायें कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसकी प्रस्तुति जतन नाट्य केन्द्र रोहतक द्वारा प्रस्तुत की जायेगी। शाम 7 बजे रूदाली नाटक का आयोजन होगा। इसकी प्रस्तुति त्रिकर्षि समूह भोपाल द्वारा की जायेगी। समानांतर सत्र के तहत दोपहर 3.30 बजे से आईटीएम विश्वविद्यालय में भारत में मुस्लिम महिलायें : बयान, हालात एवं चुनौतियों पर चर्चा की जायेगी।
कार्यक्रम के अंतिम दिवस अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को प्रात: 10.30 बजे से नुक्कड़ नाटक शौर्या का आयोजन होगा। इसकी प्रस्तुति परिवर्तन समूह ग्वालियर द्वारा दी जायेगी। प्रात: 11 बजे तेजाब पीड़ित स्त्रियों के संघर्ष विषय पर सीरोज समूह लखनऊ कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। दोपहर 12.30 बजे महिलाओं के अधिकार और कानून विषय पर प्रसिद्ध कानूनविद् अरविंद जैन से अनुराधा सिंह की चर्चा होगी। दोपहर 3.30 बजे महिलाओं की आर्थिक दशा एवं दिशा विषय पर रितिका खेड़ा से सचिन जैन की बातचीत होगी। शाम 7 बजे एक अंजान औरत का खत नाटक की प्रस्तुति होगी। जिसकी प्रस्तुति उत्तरा बावकर प्रसिद्ध रंगकर्मी प्रस्तुत करेंगे। बिटिया उत्सव का समापन 8 मार्च को रात्रि 8.30 बजे आयोजित किया जायेगा।
ग्वालियर में बिटिया उत्सव का आयोजन 5 से 8 मार्च तक ..